युवा महोत्सव में छाया चंबा कॉलेज

चंबा। हमीरपुर कॉलेज में हुए एचपीयू के कॉलेज स्तरीय युवा समारोह भाग दो में डिग्री कॉलेज चंबा के विद्यार्थियों ने अपना प्रतिभा का लोहा मनवाया। सुगम संगीत (गजल) पाश्चात्य (सोलो) गायन में महाविद्यालय के छात्र प्रभजोत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा लोक गीत प्रतियोगिता में पलक जसरोटिया ने पहला स्थान प्राप्त कर चंबा कॉलेज का नाम चमकाया है। पाश्चात्य समूह गान में महाविद्यालय चंबा ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर समस्त कॉलेजों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान झटका। साथ ही हिंदोस्तान समूह गान प्रतियोगिता में कॉलेज अव्वल रहा है। कॉलेज प्रशासन ने समस्त विद्यार्थियों को सोमवार को बधाई दी और संगीत के प्रोफेसर विद्यासागर शर्मा की भूमिका की सराहना की। पाश्चात्य समूह गान में आस्था, पलक, कोमल सारंग, प्रभजोत, संजय, सुभम और हिंदोस्तानी समूह गान में भुवनेश, रोहित, आस्था, पलक, कोमल ने भाग लिया और बेहतरीन सुर बिखेरे। इन विभिन्न प्रतियोगिताओं में कमलेश कुमार व देवेंद्र हांडा ने तबला व ढोलक से सरहनीय भूमिका अदा की। संगीत निर्देशन डा. विद्यासागर शर्मा ने किया। कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या मंजुला शर्मा ने समस्त विद्यार्थियों को कॉलेज का नाम चमकाने के लिए बधाई दी।

Related posts