
चंबा। स्थानीय चौगान में छात्र वर्ग की चार दिवसीय जिला स्तरीय-अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज सोमवार को हुआ। इसका शुभारंभ उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद चार जोन समेत आधा दर्जन स्कूलों से आए करीब 500 छात्रों ने मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट के बाद मुख्यातिथि उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर को टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद एडीपीईओ भूषण कुमार ने मुख्यातिथि समेत जिला भर के स्कूलों से आए अध्यापकों व बच्चों का अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यातिथि विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। खेलों से बच्चों का शारीरिक व बौद्धिक विकास होता है। इसके अलावा भाईचारे की भावना बढ़ती है। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें स्थानीय ब्वायज स्कूल के छात्रों ने पश्चिमी व पंजाबी डांस कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर ब्वायज स्कूल के प्रधानाचार्य विकास महाजन समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे|
