
भवारना (कांगड़ा)। दरंग के समीप रविवार देर रात हरियाणा रोडवेज की दुर्घटनाग्रस्त हुई बस के ड्राईवर को भवारना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ओवर स्पीड के कारण बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराई थी। हादसे में ड्राइवर-कंडक्टर समेत करीब 21 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। भवारना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार के चलते पिछले कुछ समय से दुर्घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। कुछ दिन पूर्व भी इसी मार्ग पर एक निजी बस दूसरी बस से ओवरटेक करते हुए 40 फुट नीचे जा गिरी थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी और दर्जन भर यात्री घायल हो गए थे। अधिक सवारियों को लेने के चक्कर में बस चालक सवारियों की जान की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। पिछले कुछ ही समय के दौरान तेज रफ्तार के कारण एक दर्जन के लगभग हादसे पेश आ चुके हैं। इनमें आधा दर्जन लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे हैं। माना जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार मौत को न्योता दे रही है। पुलिस के मुताबिक रविवार को हुई दुर्घटना भी ओवर स्पीड के कारण हुई है। एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने धारा 279, 337 के तहत बस चालक नरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। कहा कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
