
हरिद्वार। भाजपा की ओर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किए जाने से पतंजलि परिवार में उल्लास का माहौल है। स्वयं जनसभाओं केे लिए पांच दिन पहले हरिद्वार छोड़ चुके बाबा रामदेव ने देश भर में फैली अपनी करीब 1000 इकाईयों को सक्रिय कर दिया गया है।
मोदी को प्रत्याशी बनाने से पहले बाबा साफ कह रहे थे कि प्रधानमंत्री पद पर कोई दूसरा प्रत्याशी लाया गया तो वे भाजपा को समर्थन नहीं देंगे। अब मोदी को प्रत्याशी बनाते ही बाबा ने पतंजलि और भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की इकाईयों को आगामी तीन महीनों के लिए जिलावार कार्यक्रम भेज दिए हैं। अगले कार्यक्रम नए सिरे तैयार किए जाएंगे।
स्वामी रामदेव इस समय मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू और पंजाब में प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। योग के साथ-साथ मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्य करने का सीधा आदेश भी अपनी सभाओं में शिविरार्थियों को दे रहे हैं। 20 से 30 सितंबर तक होने जा रही विदेश यात्रा के बाद बाबा गांधी जयंती से नए कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।
