ठग की तलाश में बरेली क्राइम ब्रांच के छापे

हरिद्वार। बरेली में कारोबारियों के खाते से फर्जीवाड़ा कर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह की तलाश में बरेली क्राइम ब्रांच की टीम रविवार को हरिद्वार में छापा मारने पहुंची। लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। दोनों शहरों में एक ही पैटर्न पर घटनाएं होने से पुलिस मान रही है कि वारदात को कोई एक ही गिरोह अंजाम दे रहा है।
एक अगस्त को खड़खड़ी चौकी क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक की सप्तऋषि शाखा से सीमेंट व्यापारी एस माहेश्वरी की चैक बुक जारी करवाकर साढ़े 12 लाख रुपये निकालने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने इस संबंध में ऋषिकेश के एक युवक को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि युवक को नौकरी का झांसा देकर किसी ठग ने काम करवा रहा था। लेकिन, पुलिस अभी तक भी ठग तक नहीं पहुंच पाई है। इसी तर्ज पर बरेली में 15 दिन पहले ठगी की दो घटनाएं सामने आई। पीएनबी और ओबीसी बैंक से कारोबारियों की चैक बुक जारी करवाकर लाखों रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में बरेली क्राइम ब्रांच टीम हरिद्वार में भी जांच पड़ताल करने पहुंचे। टीम ने हरिद्वार में पकड़े गए ऋषिकेश के युवक से पूछताछ की। हरिद्वार पुलिस से भी सहयोग मांगा। संभावना जताई जा रही है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। पुलिस ठगों की तलाश में जुटी हुई है। खड़खड़ी चौकी प्रभारी महावीर सिंह रावत ने बताया कि बरेली में भी इसी तरह की घटना हुई है। क्राइम ब्रांच की टीम इसी संबंध में जांच पड़ताल करने पहुंची हुई है।

Related posts