
केदारनाथ। आपदा में केदारधाम को पहुंची क्षति और चौराबाड़ी ताल को हुए नुकसान का सर्वे करने वाडिया संस्थान का दल केदारनाथ पहुंच गया है। पांच सदस्यीय दल धाम में एक सप्ताह सर्वे कर क्षति और क्षति के कारकाें की रिपोर्ट तैयार करेगा। दल का नेतृत्व कर रहे वाडिया संस्थान के ग्लेशियोलॉजिस्ट डा. डीपी डोभाल ने बताया कि दल पैदल मार्ग से होते हुए केदारनाथ पहुंचा। इस दौरान दल ने पैदल मार्ग पर हुई क्षति की मैपिंग की। अब केदारनाथ धाम और चौराबाड़ी ताल का सर्वेक्षण किया जाएगा। वहीं केदारनाथ त्रासदी पर वृत्तचित्र बनाने के लिए डिस्कवरी चैनल के सदस्य भी धाम पहुंच गए हैं।
सुविधाएं बहाल करने में अधिकारी-कर्मचारी जुटे
केदारनाथ। एडीएम पीसी डंडरियाल ने भी धाम में निर्माणाधीन हट्स और लोनिवि कैंप कार्यालय का निरीक्षण किया। बदरी-केदार मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी हरीश गौड़ ने बताया कि धाम में आवश्यक सुविधाएं बहाल करने में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं। तीर्थ पुरोहित सुरेशानंद मैंदुली, लोकेंद्र रुवाड़ी, ओमप्रकाश शुक्ला, धर्मानंद नौटियाल, कैलाश जमलोकी और रामेश्वर जमलोकी श्रमदान कर संपर्क मार्ग दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा चालीस तीर्थ पुरोहिताें का दल भी केदारनाथ धाम में अपनी संपत्तियाें का जायजा लेने धाम पहुंच गया है।
