
कपकोट। तहसील मुख्यालय के सुदूरवर्ती लीती गांव में प्राथमिक विद्यालय और राजकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आज से अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को अमलीजामा नहीं पहनाया जाता वह आंदोलन की धार को कमजोर नहीं होने देंगे।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामीण पंचायत भवन प्रांगण में एकत्रित हुए। जोरदार नारेबाजी के साथ आंनद प्रकाश, कुंदन सिंह, प्रताप सिंह, दरवान सिंह सहित 10 लोग क्रमिक अशशन पर बैठे। सभा में वक्ताओं ने कहा कि उनके विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती मानकों के अनुसार नहीं है, जबकि विद्यालयों में छात्र संख्या काफी है। विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों की तैनाती को एक नहीं कई बार मांग कर दी है, लेकिन आज तक उनकी मांग जस की तस बनी हुई है। वक्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान कौशल्या देवी, मान सिंह, खड़क सिंह, पीटीए अध्यक्ष दीवान सिंह, भूपाल सिंह, नंदन सिंह, श्याम सिंह, राधा देवी, गंवारा देवी आदि मौजूद थे।
