
बागेश्वर। घिरौली गांव में रविवार की सुबह रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से घर का सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में गृह स्वामी के हाथ झुलस गए। अग्निकांड में तकरीबन एक लाख की क्षति होने का अनुमान है।
घिरौली निवासी ललित कुमार पुत्र राम प्रसाद ने बताया कि रविवार की सुबह उनकी पत्नी ममता रसोई में चाय बनाने गई थी। उसने जैसे ही चूल्हा जलाया। पाइप ने आग पकड़ ली। आग सिलेंडर ने पकड़ ली। कुछ ही देर में आग बगल के कमरे में आ गई। ग्रामीणों की मदद से रेत डालकर पहले सिलेंडर में लगी आग बुझाई गई। इसके बाद दोनों कमरों में फैली आग पर काबू पाया जा सका। तब तक टीबी, अलमारी, सूटकेश, वस्त्र, बिस्तर, राशन सहित लगभग एक लाख का सामान राख हो गया। रसोई की खिड़कियों के दरवाजे और चौखट भी जल गए। आग बुझाने के प्रयास में ललित कुमार के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। इसकी सूचना राजस्व पुलिस को दी गई। राजस्व पुलिस उपनिरीक्षक त्रिभुवन बोरा ने घटना स्थल पर जाकर मुआयना किया।
