पंचायत चुनाव से पहले खर्च करें योजना की धनराशि

पौड़ी। जिला योजना समेत विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में आयुक्त डीएस गर्ब्याल ने लोनिवि, जल निगम, स्वजल समेत विभिन्न विभागों में जिला योजना का काफी बजट अवशेष होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त गर्ब्याल ने जिला योजना, राज्य योजना के तहत हो रहे विकास कार्याें और राजस्व विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी पंचायत चुनाव के लिए आचार संहिता लगने से पहले जिला योजना की अवशेष राशि को विकास कार्योें में खर्च करें। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाने, कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर जल निगम को जयहरीखाल ब्लाक की गोदियाल गांव की पेयजल योजना के स्रोत का कार्य शीघ्र पूरा करने, जल संस्थान को गड़ीघाट के ट्यूबवेल के कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में जिलाधिकारी चंद्रेश कुमार यादव, एडीएम रवनीत चीमा और सीडीओ डा. एके सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

Related posts