जीआईसी मंच में पांच में से तीन शिक्षक स्थानांतरित

चंपावत। सीमांत क्षेत्र के जीआईसी मंच में पांच में से तीन शिक्षकों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया है। बगैर प्रतिस्थानी के किए गए स्थानांतरण से स्कूल में पठन पाठन की व्यवस्था चरमरा गई है। इस मामले को लेकर अभिभावकों में खासा रोष है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर विरोध प्रकट किया है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो सीमांत क्षेत्र की जनता सड़कों में उतर कर विरोध जताएगी।
शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष दलीप सिंह महर का कहना है कि एक साथ तीन शिक्षकों के स्थानांतरण से अभिभावकों में खासा रोष है। उनका कहना है कि गणित जैसे विषय के साथ यहां शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं। उन्होंने स्थानांतरित शिक्षकों के स्थान पर तत्काल प्रतिस्थानी शिक्षकों को भेजने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में सुंदर सिंह महर, लक्ष्मी महर, माया देवी, शेर सिंह, हीरा सिंह, हेतराम, दशरथ सिंह, हरीश सिंह, राम सिंह, ज्ञान सिंह, जोगा राम, गंगा सिंह, पुष्कर सिंह, लक्ष्मण राम, मुकेश नाथ सहित तमाम ग्रामीण जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

Related posts