लूटपाट और छिनैती करने वाले तीन धरे

नोएडा। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने शहर में लूटपाट व छिनैती करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके उनके पास से 18 मोबाइल फोन, जेवरात व दो बाइक बरामद की हैं। सर्किल अफसर थर्ड राजकुमार मिश्र ने बताया कि सेक्टर-50 में मेघदूतम पार्क के पास पल्सर बाइक पर सवार सलारपुर निवासी विशाल उर्फ पौली, मोरना निवासी अली उर्फ मो. अख्तर शेख व कलौंदा जारचा निवासी मोनू को थाना सेक्टर-49 पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से नोएडा, गाजियाबाद से लूट व चोरी किए गए 18 मोबाइल फोन, महिलाओं से छीनी गई सोने की चेन, कड़े, कुंडल, बाली व चोरी की दो बाइक बरामद की गई। बदमाशों ने लूट व चेन छिनैती की कई घटनाओं का खुलासा किया है। इनके पास से बरामद पल्सर बाइक थाना सेक्टर-39 से चोरी की गई थी। जबकि अपाचे बाइक इंदिरापुरम गाजियाबाद से छीनी गई थी। वहीं, थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बरौला बाईपास के पास से मुखबिर की सूचना पर चोरी की योजना बना रहे बरौला में किराये पर रह रहे बरौला निवासी ब्रजमोहन, महाराष्ट्र निवासी संजय, मालदा पं. बंगाल निवासी सपन व झारखंड निवासी अकबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चाकू बरामद किए हैं।

Related posts