
नई दिल्ली। गोकुलपुरी में बदमाशों ने यूपी पुलिस के हवलदार का एटीएम कार्ड बदलकर उसे 85 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित रामबाबू (53) नोएडा स्थित बैंक में रुपये निकालने पहुंचे तो उन्हें ठगी की जानकारी हुई। वो दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त अजयराज शर्मा के पीएसओ हैं और नोएडा सेक्टर-44 में उनकी सुरक्षा में रहते हैं। गोकलुपरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ईस्ट गोकुलपुरी निवासी रामबाबू 20 अगस्त को एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गोकुलपुर गांव गए थे। वहां दो युवक आए। उन्होंने रामबाबू से कहा कि तुम्हारे अकाउंट में तो पैसे नहीं हैं, फिर रुपये कैसे निकाल लिए। उन्होंने रामबाबू का एटीएम कार्ड देखने के बहाने उनका कार्ड ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने कार्ड को मशीन में डाल दिया और रामबाबू से पिन नंबर डालने का कहा।
रामबाबू ने पिन नंबर डाला तो रुपये नहीं निकले, जिस पर उन्होंने कार्ड लौटा दिया। अगले दिन रामबाबू नोएडा सेक्टर-2 स्थित बैंक पहुंचे तो पता चला कि किसी ने छह ट्रांजेक्शन कर 85 हजार रुपये जम्मू के किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। इसके बाद उन्हें पता चला कि दोनों ने उनका कार्ड बदल दिया था।
