
नोएडा। तेज आवाज करती कार अचानक दहाड़ते हुए टाइगर में बदल गई। इस नजारे ने लोगों को हैरत में डाला ही था कि टाइगर कार में बदल गया। सेक्टर-132 स्थित जेनेसिस ग्लोबल स्कूल में रविवार को आयोजित हुए आठवें इंडियन रोबोट ओलंपियाड 2013 में रोबोटिक टेक्नोलॉजी के ऐसे तमाम नजारों ने दर्शकों को चौंका दिया। आइए देखें कुछ ऐसे ही नजारे
कार से निकला टाइगर
मुंबई के जमनाबाई स्कूल के छात्र केविन ठक्कर, हर्ष वर्धन राजे और शिखर ने तीन महीने में 1.5 फीट का यह रोबोट तैयार किया है। शिखर ने बताया कि कार-टाइगर रोबोट सेंसर पर काम करता है। इसमें दस मोटर लगाई गई हैं। चार मोटर पहियों को चलाती हैं जबकि अन्य चार मोटर टाइगर के पैर को। एक मोटर टाइगर को कार से जोड़ने और अलग करने का काम करती है। प्रोग्रामिंग के जरिये सेंसर काम करते हैं, जिससे एक मोटर कार से टाइगर को रिलीव करती है। ऐसे में दौड़ती हुई कार टाइगर में बदल जाती है।
सेव टाइगर और टूरिज्म की पहल
केविन ने कहा कि बड़े आकार में ऐसे रोबोट देश के टाइगर नेशनल पार्क में प्रदर्शित किए जा सकते हैं, जिससे न सिर्फ टूरिज्म बढ़ेगा बल्कि सेव टाइगर का संदेश भी लोगों को मिलेगा।
ताजमहल को साफ रखेगा रोबोट
मानव रचना एजुकेशनल ग्रुप के संजय बंसल ने बताया कि ताजमहल को बिना हाथ लगाए रोबोट साफ रख सकता है। फ्लाई रोबोट तैयार किए गए हैं, जो ताजमहल के ऊपर और आसपास उड़कर उसे स्प्रे के जरिये साफ रख सकते हैं। आगरा के संबंधित विभाग को इस प्रोजेक्ट का प्लान दिया गया है।
रोबो बोला, नमस्ते
ओलंपियाड में एक रोबो ने हैलो का जवाब हाथ जोड़कर नमस्ते में दिया। कमाल का मशीनरी दिमाग रखने वाला यह टैटट्रिक रोबो कैलकुलेश में भी पारंगत है। सेंसर के जरिये यह रोबो काम करता है। आगे दो मशीनी हाथ लगे हैं, जिनसे यह नमस्ते करता है। इसके अलावा और भी तरह के रोबो प्रदर्शित किए गए।
विजेता रोबोट अब इंडोनेशिया में भिडे़ंगे
क्षेत्रीय स्तर के ओलंपियाड से फाइनल में देशभर से जीतने वाली 105 टीमों ने हिस्सा लिया। उम्र के आधार पर अलग-अलग टीमों में नौ से 19 साल तक के बच्चे शामिल थे। ओलंपियाड में मुख्य अतिथि के तौर पर एआईसीटीई के चेयरमैन एसएस मंथा मौजूद रहे। इंडिया स्टेम फाउंडेशन के नेशनल हेड राजन मल्होत्रा ने बताया कि फाइनल में 18 टीमें विजेता रही हैं। इनमें बंगलूरू, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, चेन्नई, पंजाब, हरियाणा और केरल की टीमें शामिल हैं। 15 से 17 नवंबर तक इंडोनेशिया में होने वाले वर्ल्ड रोबोट ओलंपियाड में यह टीमें अपना दम दिखाएंगी।
