तेज रफ्तार कार ने तोड़ा बैरियर, बाल-बाल बचे कर्मी

पांवटा साहिब (सिरमौर)। तेज रफ्तार कार ने शनिवार देर रात को जमकर तांडव मचाया। पहले कार ने देहरादून उत्तराखंड सीमा पर हिमाचल प्रवेश द्वार पर बने बैरियर को तोड़ दिया। यहां कार की चपेट में आने से बैरियर पर मौजूद कर्मचारी बाल-बाल बचे। इसके बाद कार ने पुलिस का नाका तोड़ते हुए देर रात को बद्रीपुर और बाता पुल भी पार कर किया। सूचना माजरा क्षेत्र पुलिस ने पीछा कर माजरा-धौलाकुआं नाके पर वाहन को चालक समेत दबोच लिया।
मिली जानकारी अनुसार घटना विगत शनिवार देर रात करीब ढाई बजे हुई। देहरादून की ओर से एक इंडिका कार पांवटा बैरियर की तरफ आई। तेज रफ्तार वाहन को पुलिस जवानों ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। लेकिन वाहन बैरियर तोड़ कर फरार हो गया। पुलिस टीम को तस्करी का संदेह हुआ। आस-पास के नाके और बैरियरों पुलिस ने कार की सूचना जारी की। पुलिस टीम ने राजबन, बद्रीपुर, बाता पुल, बहराल और माजरा क्षेत्र में नाके लगाए। यमुना बैरियर से भी नाकों पर सूचना चली गई। तेज रफ्तार वाहन ने बद्रीपुर और बाता पुल पर नाके को पार कर लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के वाहनों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। माजरा पुलिस को सूचना दी गई। धौलाकुआं-माजरा के पास नाके पर वाहन सड़क के बीच खड़े कराए गए। इस बीच पुलिस टीम ने बैरियर तोड़ फरार होने वाले चालक को वाहन समेत दबोच लिया। उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि बैरियर तोड़ फरार होने वाले आरोपी वाहन चालक सतनाम सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी नंगल रोपड़ पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को क्षति और कर्मचारियों को टक्कर मारने के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।
इनसेट
30 रुपये बैरियर शुल्क से बचने के लिए हरकत
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून से पांवटा पहुंचे कार चालक ने देर रात को 30 रुपये के टोल टैक्स पर्ची से बचने के लिए यह हरकत की। पुलिस को चालक से तस्करी का कोई सामान बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Related posts