80 किमी दूर जाकर मिलती है गैस

सलूणी (चंबा)। सलूणी में आज तक गैस एजेंसी नहीं खुल पाई है। इस कारण सैकड़ों गैस उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सलूणी में गैस एजेंसी न होने के कारण विकास खंड सलूणी की 46 पंचायतों में उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए 70 से 80 किलोमीटर दूर डलहौजी जाना पड़ता है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी कर्म सिंह, कैलाश चंद, हरि कृष्ण, रतन चंद, पुन्नू राम, भगत राम, चमन लाल, प्रेम सिंह, चैनो राम, देस राज, विनोद कुमार, राकेश कुमार, दुनी चंद, गुमान सिंह और भीलो राम ने बताया कि हालांकि डलहौजी स्थित गैस एजेंसी से महीने में एक बार सलूणी के लिए गाड़ी आती है, लेकिन समय पर गाड़ी न पहुंचने के कारण उन्हें गैस नहीं मिल पाती है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर सूलणी में गैस एजेंसी खोलती है तो दो दर्जन से ज्यादा पंचायतों के गैस उपभोक्ताआें को सुविधा मिलेगी और उनको सिलेंडर लेने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सलूणी में जल्द गैस एजेंसी खोली जाए।

Related posts