भाजपाई भड़के, बैजनाथ थाने का किया घेराव

बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा की प्रदेश सचिव इंदु गोस्वामी से छेड़छाड़ करने पर पार्टी ने कड़ा संज्ञान लिया है। रविवार को जिला कांगड़ा भाजपा ने बैजनाथ पुलिस थाना के बाहर रोष प्रदर्शन किया। भाजपा के कई पदाधिकारियों ने थाने का घेराव भी किया। भाजपा पदाधिकारियों ने प्रदेश महामंत्री विपिन परमार की अगुवाई में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए थाना में धरना दिया और नारेबाजी की।
परमार ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और कर्मचारियों को बदले की भावना से दूरदराज के क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। उन्होेंने महिला नेत्री के साथ हुई घटना की कडे़ शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होेंने मामले में शामिल शिक्षा विभाग में कार्यरत दो आरोपियों को सस्पेंड किया जाए और तीसरे आरोपी पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दो दिन में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। पालमपुर जिला भाजपा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। हिमांशु मिश्रा ने आरोपियों को तुरंत बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई न होने पर जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक आंदोलन शुरू किया जाएगा। पदाधिकारियों ने इस दौरान डीएसपी योगेश रोल्टा से भेंट कर कार्रवाई की मांग की। योगेश रोल्टा ने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है।

ये रहे मौजूद
इस मौके पर विनय शर्मा, हिमांशु मिश्रा, घनश्याम शर्मा, मुलख राज प्रेमी, इंदु गोस्वामी, सुदेश राणा, त्रिलोक, बलदेव राणा, संजीव सोनी, कुलवंत राणा, तनु भारती, चमन ग्रोवर, अजय शर्मा, वालिया, मनोहर ठाकुर, धनी राम ठाकुर, सुरेंद्र कपूर, प्रकाश डोगरा, अरविंद, अनिल शर्मा, शीला प्रेमी, सुमन लता, अंजना कटोच, पवन कुमार, अजय कपूर आदि भी उपस्थित रहे।

एबीवीपी ने की छेड़छाड़ की निंदा
बैजनाथ (कांगड़ा)। एबीवीपी की स्थानीय इकाई ने इंदु गोस्वामी के साथ हुई घटना की निंदा की है। इकाई सचिव पिंकी ने कहा है कि संगठन सदैव ऐसी घटनाओं की निंदा करता आया है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष करता रहा है।

Related posts