
श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ चुनाव में अध्यक्ष एवं महासचिव पद पर एनएसयूआई ने कब्जा जमाया। उपाध्यक्ष, सह सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने जीत हासिल किया।
शनिवार सुबह नौ बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह नौ से 12 बजे तक विवि प्रतिनिधियों के नामांकन किए गए। अपराह्न 12 बजे बाद से दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच हुई। ढाई से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। मतदान में 46 विवि प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। अध्यक्ष पद के एनएसयूआई प्रत्याशी प्रखर आदित्य शर्मा को 25, उपविजेता रहे एबीवीपी के सत्यपाल को 21 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के राहुल गुसांई को 24, संजय रौथाण को 22, महासचिव पद पर गौरव नेगी को 24, प्रवीण रावत को 22, सह सचिव पद पर आशीष भट्ट को 24, प्रभाकर को 21, संदीप राणा को मात्र एक वोट, दर्शन सिंह को कोई मत नहीं मिला। कोषाध्यक्ष पद पर राहुल को 24, मनीष राणा को 17, प्रज्ञा रावत को 4, मोहित को शून्य मत हासिल हुए। देर शाम मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस देव ने विजेता प्रतिभागियों की घोषणा की। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
