आपदा प्रभावित छात्र करेंगे मुख्यालय पर प्रदर्शन

पिथौरागढ़। आपदा प्रभावित धारचूला और मुनस्यारी तहसील के छात्रों को राहत राशि देने की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) ने 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। छात्रों ने कहा कि सरकार ने पूर्व में प्रभावित छात्रों को धनराशि देने की घोषणा की थी इतना वक्त बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
छात्र दल आइसा की पहल पर धारचूला और मुनस्यारी के आपदा प्रभावित छात्रों की बैठक में मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि सबसे पहले आइसा का दल आपदाग्रस्त इलाकों में पहुंचा था। छात्रसंघ अध्यक्ष हेमंत खाती ने कहा कि आइसा की पहल पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने उच्च शिक्षा निदेशक को यह प्रस्ताव भेज दिया था। तय हुआ कि इस काम मेें हो रहे विलंब के विरोध में 25 सितंबर को डीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में सुंदर जेठा, भरत परिहार, इंद्रा दताल, उमेश धामी, गणेश कठायत, हेमराज पांगती, धीरज उपाध्याय, मंजू ह्यांकी, गोविंद दानू, मंजू बडाल, अजय दरियाल, चेतना नबियाल, दीपक थापा, उमेद नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts