
टनकपुर। मुआवजे से वंचित बाढ़ पीड़ितों का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। प्रशासन ने 35 और चिह्नित बाढ़ प्रभावितों को सहायता राशि के चेक दिए हैं। शारदा नदी की बाढ़ से हनुमानगढ़ी और शारदा चुंगी कालोनी समेत क्षेत्र में सैकडा़ें परिवार प्रभावित हुए। शासन की मंजूरी के बाद प्रशासन ने प्रभावितों को चिह्नित कर 121 प्रभावितों को मुआवजा राशि प्रदान की, मगर चिह्नीकरण में कई परिवारों को मुआवजे से वंचित रहना पड़ा था। मुआवजे से वंचित बाढ़ प्रभावितो के आंदोलन के बाद प्रशासन ने 35 और बाढ़ प्रभावितों को चिह्नित कर मुआवजा बांटा है। शनिवार को तहसीलदार ख्याली राम ने चिह्नित प्रभावितों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस मौके पर कानूनगो ईश्वर सिंह भीमा, पटवारी अमर सिंह मंगला आदि मौजूद थे।
