
जसपुर। ग्राम सन्यासियोंवाला के उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में कीटनाशक की गंध से बेहोश होने की सूचना से अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गयी। सभी विद्यालय एवं अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।
शुक्रवार को घटना के बाद विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने प्राइवेट एंबुलेंसों को सूचना देकर सभी को सरकारी अस्पताल बुलवाया और वहां के चिकित्सकों के साथ स्वयं उपचार में जुट गए। सीओ पीसी आर्य, कोतवाल जेसी पाठक ने विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर खेत स्वामी नासिर को हिरासत में ले लिया। संयुक्त मजिस्ट्रेट इवा सहाय, तहसीलदार लोकमणि पांडे, खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह, पीएल भारती ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित छात्र-छात्राओं की हालत के विषय में जानकारी ली और उपचार मेें कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। छात्र-छात्राओं के बेहोश होने की खबर से अभिभावक भी अपनी सुध-बुध खोकर सरकारी अस्पताल पहुंच गए तथा बच्चों की सलामती की दुआ करने लगे। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर छात्र-छात्राओं का हाल जाना। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री आदेश चौहान ने हाथ के पंखे व फलों का वितरण किया। भाजपा नेता डा. एमपी सिंह भी बेहोश छात्र-छात्राओं के उपचार में चिकित्सकों की मदद में जुट गए।
पालिकाध्यक्ष मोहम्मद उमर ने अस्पताल पहुंचकर छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को सांत्वना दी। सामाजिक संस्था समदर्शी, भाजपा, कांग्रेस, बसपा के कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह चौहान, डा.बीएस गौतम, मोहम्मद एजाज अली, दूल्हे खां, अतीकुर्रहमान, सन्नी प्रधान, प्रवेंद्र कुमार बंटी, हरप्रीत सिंह हैप्पी, तरुण प्रधान, लक्ष्मीनारायण, शाहिद अली, मोहम्मद यामीन आदि छात्र-छात्राओं की सेवा में जुटे रहे।
