
पंडोह (मंडी)। पंडोह पुलिस ने नाबालिग लड़की को अगवा करने के आरोपी को पकड़ा है। क्षेत्र की सयोग पंचायत के एक गांव से एक नाबालिग लड़की को पधर के गांव थरकी निवासी महेंद्र सिंह उर्फ राजू शादी का झांसा दे कर ले गया। वह लड़की को कश्मीर तक ले गया था। लड़की के माता-पिता ने पंडोह
पुलिस में मामला दर्ज करवाया। पुलिस लड़की को कश्मीर से बरामद कर वापस ले आई थी। मगर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने लड़की उसके माता पिता को सौंप दिया और आरोपी की तलाश में जुटी रही। बीती रात पुलिस को सूचना मिली, पुलिस ने पंडोह के सयोग गांव के आने-जाने वाले सभी रास्तों पर कड़ी निगरानी शुरू करा दी। जैसे ही आरोपी गाड़ी से उतरा पुलिस ने उसे दबोच कर हिरासत में ले लिया। लगभग एक माह के बाद पंडोह पुलिस इस आरोपी को पकड़ने में सफल हुई। पंडोह पुलिस की इस टीम में सब इंस्पेक्टर भीम सेन, एचसी जगदीश कुमार, विजय कुमार, परमा राम,नरपत और बलदेव कुमार शामिल हैं। पुलिस चौकी प्रभारी भीम सेन ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
