
भवारना (कांगड़ा)। इलाके की एक महिला पंचायत प्रधान ने अपनी पंचायत के ही उपप्रधान, पंचायत के पूर्व प्रधान तथा अन्य दो व्यक्तियों के खिलाफ उसके जाली साइन करने और पंचायती कागजों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहकीकात शुरू कर दी है।
परौर पंचायत की प्रधान संजना देवी ने भवारना थाना में मामला दर्ज करवाया है कि पंचायत के उपप्रधान ओम प्रकाश, पूर्व प्रधान सरवन कुमार, अमन कानूनगो तथा अमन कांत ने मिलकर उसके जाली हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा पंचायत के कागजात से भी छेड़छाड़ की गई है। भवारना पुलिस ने संजना देवी के शिकायत पर आईपीसी की धारा 420, 469, 471, 501 तथा 509 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना के एएसआई जसपाल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस तहकीकात शुरू कर दी है।
