
मल्कानगिरि: ओडि़शा के मल्कानगिरि जिले के एक जंगल में सुरक्षाबलों के साथ ही आज हुई जबर्दस्त मुठभेड़ में एक महिला नक्सली सहित कम से कम माओवादी मारे गए। यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ से नजदीक है और नक्सलियों का जो समूह इस वन में डेरा डाले हुए था उसके माओवादियों द्वारा गत 25 मई को उस राज्य में कांग्रेसी नेताओं के काफिले पर किये गए हमले में शामिल रहने का संदेह है। पुलिस उपमहानिरीक्षक देवदत्त सिंह ने कहा कि विशेष अभियान समूह (एसओजी) और जिला स्वयंसेवी बल (डीवीएफ) के एक संयुक्त दल ने गुप्त सूचना के बाद पाडिया क्षेत्र स्थित सिलाकुटा वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। उसी दौरान माओवादियों ने गोलीबारी शुरु कर दी।
सिंह ने बताया कि नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में एक महिला नक्सली सहित कम से कम 14 नक्सली मारे गए। अभियान का नेतृत्व करने वाले मल्कानगिरि के पुलिस अधीक्षक अखिलेश्वर सिंह ने कहा कि घटनास्थल से कुछ विस्फोटक, हथियार, गोलियां और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है। सिंह ने अभियान को क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ एक प्रमुख सफलता बताते हुए कहा कि मुठभेड़ के बाद जंगल में एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में जारी तलाशी अभियान पूरा होने पर नक्सलियों के बारे में और जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
