
रुड़की। निरीक्षण के दौरान बंद पाई गईं सस्ते गल्ले की दो दुकानों की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से गत दिनों राशन की दुकानों का निरीक्षण किया गया था। जुलाई माह में मंगलौर के राशन डीलर राशिद और जाहिद की सस्ते गल्ले की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दोनों दुकानें बंद पाई गई थीं। इस मामले में जिलाधिकारी ने खाद्य आपूर्ति विभाग को दोनों राशन डीलरों की जमानत राशि जब्त करने के आदेश जारी किए थे। वरिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी एमएस रावत ने बताया कि डीएम के निर्देश पर दोनों राशन डीलरों की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। इसके साथ ही भविष्य के लिए डीलरों को चेतावनी भी दी गई है।
