
उत्तरकाशी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार परचम लहराने से उत्साहित आर्यन ग्रुप अब पंचायत चुनाव में भी ताल ठोकने की तैयारी में है।
शुक्रवार को लोनिवि अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष आर्यन ग्रुप के प्रदीप कैंतुरा ने कहा कि कालेज के छात्र-छात्राओं की समस्याओं के निदान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गृहविज्ञान, चित्रकला आदि विषयों की परास्नातक कक्षाएं शुरू कराने के साथ ही शिक्षकों की कमी दूर कराने के लिए भी संघर्ष किया जाएगा।
आर्यन ग्रुप के जिलाध्यक्ष मुलायम सिंह ने कहा कि गांव व क्षेत्र के विकास में युवा वर्ग अहम भूमिका निभा सकता है। इसी को देखते हुए आर्यन ग्रुप आगामी पंचायत चुनाव में युवा प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगा। आर्यन ग्रुप की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए गरिमा उनियाल शहर अध्यक्ष, हेमलता उपाध्यक्ष तथा कुलदीप ढौंडियाल जिला कोषाध्यक्ष व आरती सहसचिव के तौर पर नियुक्त की गई। इस मौके पर अंकित रावत, हर्ष भट्ट, सूरज, महेश रावत, महेंद्र, अनुप रावत युवा नेता मौजूद थे।
