चैनलाइजेशन पर खर्च होंगे 339 करोड़ : प्रकाश

मंडी। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि बल्हघाटी के नदी-नालों की चैनलाइजेशन के लिए 339 करोड़ की डीपीआर तैयार की गई है, जिसे शीघ्र ही मंजूरी के बाद कार्यान्वित किया जाएगा। प्रकाश चौधरी ने शुक्रवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक पाठशाला बैहना में बल्ह खंड की प्राथमिक पाठशालाओं की 18वीं खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर आयोजित मार्च पास्ट में नलसर-लोहारा जोन ने पहला तथा भंगरोटू-गाती जोन ने दूसरा स्थान हासिल किया, जिन्हें मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि लोअर बल्ह में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है तथा बची हुई पंचायतों में मध्यम सिंचाई योजना के तहत 4 करोड़ 54 लाख की लागत से सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। बल्ह में सिंचाई तथा पेयजल योजना पर इस समय 11 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने मिडल स्कूल बैहना की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये, पानी की टंकी के निर्माण के लिए 30 हजार और बच्चों को सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए पांच हजार देने की घोषणा की। खंड शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निहाल सिंह ठाकुर, बल्ह मंडल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर तथा बैहना पंचायत के प्रधान प्रकाश चंद ने भी अपने विचार रखे । केंद्रीय मुख्य अध्यापिका कुंता ठाकुर, कृष्णा चौधरी, बल्ह कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डूम सिंह ठाकुर, सचिव नरेंद्र गुप्ता, ग्राम पंचायत के उपप्रधान शिवपाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related posts