
पंडोह (मंडी)। क्षेत्र का मशहूर मां त्रिपुर भैरवी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर ने गीतों से खूब धमाल मचाया। मेले के छठे दिन कबड्डी का फाइनल मुकाबला यादगार रहा। जिसमें ओलंपिक संघ पंडोह ने तूफान क्लब पंडोह को पराजित कर भारी उलट फेर किया। संघ के कोच रफीक मुहम्मद ने बताया कि इस जीत से युवा खिलाड़ियों में नए जोश का संचार हआ है। पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर ने दर्शकों को खूब नचाया। उन्होंने अपनी एलबम के एक गीत ..मंजिलें रुसवा है.. गीत से सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। वहीं पहाड़ी, पंजाबी और हिंदी गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कृतिका ने जैसे ही इक अधिया पिलाई दे गीत शुरू किया तो पंडाल में मौजूद दर्शक झूम उठे। इसके साथ ही मांडव्य कला मंच के कलाकारों ने हरियाणवी लोक गीत गाकर समा बांधा। इससे पहले प्रथम संध्या का आगाज मुख्यातिथि सदर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधान नरेंद्र वैद्य की ओर से इन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
