मंडप स्कूल से दसवीं कक्षा का छात्र लापता

धर्मपुर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडप में दसवीं कक्षा का छात्र वीरवार से लापता है। परिजनों ने पूरे क्षेत्र में बेटे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को परिजनों ने धर्मपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवा दी है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को छात्र विजय कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव ब्रम्हफाल्ड मंडप आधी छुट्टी के बाद अपनी कक्षा नहीं आया। उसका बैग कक्षा में ही मौजूद था। अध्यापकों ने जब देखा कि विजय कुमार कक्षा में नहीं है तो उन्हाेंने इसी पाठशाला में बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले उसके भाई को बुलाया तथा कहा कि आपका भाई कक्षा में नहीं है और बैग यहीं पड़ा है। परिजनों को विजय कुमार के लापता होने का पता उस समय चला जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सभी रिश्तेदारों के यहां संपर्क करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं लगा।
शुक्रवार को विजय कुमार के पिता हंसराज ने उसकी गुमशुदगी की सुचना पुलिस चौकी धर्मपुर को दी है तथा स्वयं भी उसकी तलाश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने भी टीमें बना कर विजय कुमार की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय होने की अफवाह उड़ रही है। गत दिनों चौरी पंचायत के खरौट गांव में एक बच्चे को अगवा करने का प्रयास किया गया। जिससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडप के प्रधानाचार्य नेकराम शर्मा ने बताया कि छात्र विजय कुमार हाफ टाइम के बाद अपनी कक्षा में नहीं आया और स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना उसके भाई को दे दी थी। उन्हें भी शुक्रवार को मालूम हुआ कि विजय कुमार शाम को अपने घर ही नहीं पहुंचा है और उन्होंने इसके बारे में पुलिस चौकी धर्मपुर को भी सूचित कर दिया है। धर्मपुर पुलिस चौकी प्रभारी नसीब सिंह ने छात्र विजय कुमार के लापता होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts