
धर्मशाला/शाहपुर। खनन पर रोक के खिलाफ जिला भर में ट्रैक्टर आपरेटर यूनियनों ने रोष प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर दर्जनों ट्रैक्टर मालिकों ने अपने ट्रैक्टर खड़े कर रोष प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर यूनियन धर्मशाला के सदस्यों ने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने सरकार से खनन नियमों में बदलाव लाने की मांग की है।
धर्मशाला यूनियन के सदस्य मोहन धीमान, राजेंद्र सिंह, गोगू कुमार, कृष्ण दास, रोशन लाल, मोहिंद्र धीमान, सुनील चौधरी आदि ने ट्रैक्टर खड़े करके रोष प्रदर्शन किया। इन्होंने प्रदेश सरकार से खनन नियमों को सरल बनाने की मांग की है। वहीं शाहपुर में जिला कांगड़ा-चंबा ट्रैक्टर यूनियन संघर्ष समिति ने हटली विश्राम गृह परिसर में बैठक की। इसमें कांगड़ा जिला के रैहन, ज्वाली, कोटला, शाहपुर, कांगड़ा, दाड़ी, बैजनाथ, पालमपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला, देहरा, ज्वालाजी, फतेहपुर, नूरपुर व जिला चंबा के हटली सिहुंता, समोट आदि कई स्थानों से ट्रैक्टर मालिक बैठक में शामिल हुए। बैठक में सरकार की खनन नीति के खिलाफ सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि जब तक सरकार उनके हित में कोई फैसला नहीं लेती है, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
जिला कांगड़ा-चंबा ट्रैक्टर यूनियन संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुदर्शन कटोच ने बताया कि 15 सितंबर को हर जगह से ट्रैक्टर यूनियन संघर्ष समिति का एक डेपुटेशन मुख्यमंत्री वीरभद्र से मिलेगा। इसके बाद सीएम की ओर से फैसला आने पर ही आगामी कदम पर विचार किया जाएगा। इस मौके पर अजय राणा, दिनेश शर्मा, अजय कुमार, जोगिन्द्र, राहुल शर्मा, अजय चौधरी आदि कई विभिन्न स्थानों के ट्रैक्टर मालिक शामिल रहे।
