सड़क पर पड़े भूपिंद्र के लिए फरिश्ता बना अमृत

मैड़ी (ऊना)। ऊना-अंब सीमा पर सिक्कर के पास लूटपाट और गोलीकांड के बाद बेसहारा दंपति के लिए एक युवक फरिश्ता बनकर आया। युवक ने जख्मी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। जब लुटेरे अपने बेखौफ इरादों को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए तो जालंधर से हमीरपुर के लिए जा रही पेप्सू रोडवेज में सवार युवक जो नादौन जा रहा था, तुरंत बस से उतर गया। उसने घायल भूपिंद्र की पत्नी को सांत्वना दी और पास से गुजर रहे एक ऑटो को रोककर उसमें घायल को डाल दिया और अंब की ओर निकल पड़ा। युवक का नाम अमृत लाल है और ऊना के दियाड़ा का रहने वाला है।
नैहरियां आकर अंब अस्पताल पहुंचने के लिए अन्य वाहन किराए पर लिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। दूसरी ओर बस में सवार किसी भी अन्य व्यक्ति ने इस बारे शायद सोचा भी नहीं कि उनकी मदद से किसी की कीमती जान बच सकती थी। ऐसे में यह युवक घायल भूपिंद्र और उसकी पत्नी नीलम के लिए एक फरिश्ते की तरह सामने आया।
बाद में वह अंब अस्पताल से घटनास्थल पर भी आया। युवक वहां पहुंचा और पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद वह अपने काम के लिए नादौन निकल गया। युवक की इंसानियत और दिलेरी की अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल और डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने तारीफ की।

Related posts