भूपेंद्र भरोसे लालपुर का ‘भविष्य’

रुद्रपुर/लालपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में न डॉक्टर हैं और न ही फार्मेसिस्ट। यह अस्पताल वार्ड ब्वाय भूपेंद्र सिंह के भरोसे चल रहा है। भूपेंद्र छुट्टी पर गए तो मरीजों को न दवा मिलती है और न ही मरहम पट्टी।
जिला मुख्यालय से आठ किमी दूर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर का निर्माण 30 वर्ष पहले हुआ था। इस अस्पताल में उपचार के लिए लगभग बाहर गांवों के लोग आते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मेडिकल आफिसर, महिला डॉक्टर, फार्मेसिस्ट, नर्स और वार्ड ब्वाय का पद है। इसके अलावा टीकाकरण के लिए अन्य स्टाफ के पद भी। मगर अस्पताल में वार्ड ब्वाय भूपेंद्र सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षिका मेरी स्टीफन, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बीबी यादव, एएनएम सुनीता वर्मा व चौकीदार शिवचरन ही हैं। इसमें से वार्ड ब्वाय और चौकीदार को छोड़कर सभी कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण आदि का कार्य करते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि पहले अस्पताल में संविदा डॉक्टर तैनात था। जुलाई वह चला गया, इसके बाद से अस्पताल बिना डॉक्टर के है। अस्पताल को वार्ड ब्वाय चला रहा है। हालांकि विभाग ने व्यवस्था पर सप्ताह में एक फार्मेसिस्ट की तीन दिन की ड्यूटी लगायी है।
इसके अलावा अस्पताल में अन्य सुविधाओं का भी टोटा है। न लैब है और न ही अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन। ग्रामीणों को इलाज के लिए रुद्रपुर या फिर किच्छा जाना पड़ता है। अस्पताल परिसर में डाक्टर और कर्मचारी आवासों में घास उग आई है।

Related posts