
काशीपुर। नगर पंचायत महुआखेड़ा गंज के अध्यक्ष अरविंद सिंह राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिजली कटौती को लेकर विद्युत विभाग के ईई एसएस उस्मान का घेराव किया। साथ ही रीडिंग से अधिक बिल आने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि महुआखेड़ा गंज में गंभीर बिजली संकट उत्पन्न हो गया है। पूरे दिन में 8 से 10 घंटे तक बिजली गुल रहती है। ऐसे में लोगों को बिना बिजली के परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत कटौती के बाद भी ग्रामीणों को बिल बहुत अधिक आ रहा है। मोहल्ला गंज में तो हर घर के बिल में रीडिंग से अधिक का बिल आ रहा है।
ईई उस्मान ने कहा कि कई बार विद्युत परियोजनाओं में गड़बड़ी आने के चलते कटौती का पता नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि गंज में कर्मचारी भेजकर वह बिलों की जांच कराएंगे। बिलों की जांच कर ठीक किया जाएगा। घेराव करने वालों में दुर्गा सिंह, नन्हें, संजय सिंह, लीलावती, रुपवती, भाग्यवती, ओमवती, कमला, राजी, संतोष, सावित्री, प्रेमवती, भूरी, सोनावती, शारदा देवी, मोनिया, कैलाशो, फूलवती आदि शामिल थे।
