
चौखुटिया। चौखुटिया-मासी सड़क नतलिया रौ नामक स्थान पर दुर्घटना को खुली चुनौती दे रही है। सुरक्षा पिलर विहीन इस स्थान पर थोड़ी सी चूक मौत का कारण बन सकती है। इस सड़क में वाहनों की भारी आवाजाही के बावजूद अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
इस स्थान पर सड़क के किनारे बहती रामगंगा नदी की गहराई इतनी अधिक है कि स्थान का नाम ही नतलिया रौ (नदी का गहराई वाला ऐसा भाग जिसका तला ही ज्ञात न हो) पड़ गया है। यहां पर सड़क बहुत संकरी तो है ही साथ किनारे पर किसी प्रकार की सुरक्षा दीवार भी नहीं है।
इस सड़क से रामनगर और गढ़वाल जाने वाली यात्री बसें, स्कूल बसें और भारी संख्या में ट्रक आदि गुजरते हैं। लोनिवि ने एक सावधानी बोर्ड लगाकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना होने पर सरकार लाखों की मुआवजा राशि बांट देती है, लेकिन चंद रुपये खर्च करसुरक्षा दीवार बनाने में किसी का ध्यान नहीं है।
