
नई दिल्ली। एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत से 21 सितंबर तक मानसून की वापसी की संभावना है। पिछले चार-पांच साल से मानसून के देरी से लौटने का ट्रेंड इस बार टूटता दिख रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस तरह से अचानक मानसून पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में पहुंच गया था, उसी तरह अचानक वापसी के संकेत हैं। राजस्थान के कुछ हिस्से से वापसी शुरू हो गई है तो अगले दो दिन में हरियाणा व पंजाब के कुछ हिस्सों के साथ राजस्थान के बाकी हिस्सों से इसके लौटने की संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत में इस साल मानसून सामान्य से 15-29 दिन पहले पहुंच गया था। ऐसे में उम्मीद थी कि बारिश सामान्य से बहुत ज्यादा होगी, लेकिन देशभर की बात करें तो 12 सितंबर तक सामान्य से सिर्फ 5 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, यूपी, राजस्थान परिक्षेत्र में सामान्य से दस फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है, लेकिन इसके हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ को मिलाकर बनने वाले सब डिवीजन में सामान्य से 25 फीसदी कम 431 मिलीमीटर की बजाय 325 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। हरियाणा में 426 मिमी की बजाय 320 मिमी बारिश हुई है। दिल्ली में सामान्य से 33 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पश्चिमी यूपी में तीन फीसदी, पूर्वी यूपी में दो, पंजाब में चार तो जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक 26 फीसदी बारिश इस मानसून सीजन में अधिक हुई है। मौसम विभाग दिल्ली के उप महानिदेशक डॉ. ओपी सिंह का कहना है कि एनसीआर में अगले एक सप्ताह अधिकतम तापमान दो डिग्री और बढ़ेगा। मौसम सूखा रहेगा और बारिश की संभावना न के बराबर है। 20-21 सितंबर को एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। अभी तापमान 36-37 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। अगर मौसम वैज्ञानिकों की भविष्यवाणी सटीक बैठती है तो अधिकतम तापमान पिछले दस साल का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। पिछले दस साल में 2005 और 2008 में ही सितंबर के महीने में 38 डिग्री से ऊपर तापमान पहुंचा था।
दिल्ली में मानसून वापसी की सामान्य तारीख 21 सितंबर है। पिछले पांच सालों में कभी भी 25 सितंबर के पहले मानसून नहीं लौटा है। वर्ष 2007 में मानसून सबसे लेट 2 अक्तूबर को लौटा था, लेकिन मौसम वैज्ञानिक इस साल सामान्य तारीख तक मानसून लौटने की संभावना जता रहे हैं।
पांच साल में दिल्ली से मानसून विदाई
2012 25 सितंबर
2011 26 सितंबर
2010 28 सितंबर
2009 28 सितंबर
2008 29 सितंबर
