
नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर अभी से प्रदेश भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली के स्वर्ण जयंती पार्क (जापानी पार्क) जगह को भी फाइनल कर लिया गया है। इतना ही नहीं, 29 सितंबर को मोदी के भाषण को ऑनलाइन करने के साथ ही जगह-जगह एलसीडी स्क्रीन लगाकर दिखाने व सुनाने की तैयारी भी की गई है। रैली को सफल बनाने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है।
प्रदेश भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी का चेहरा भुनाने की तैयारी में है। खासकर युवा वर्ग को टारगेट किया जा रहा है। रोहिणी स्थित जापानी पार्क शहर से काफी दूर है, लिहाजा व्यावसायिक और भीड़ वाली जगह पर एलसीडी स्क्रीन से लाइव प्रसारण की भी तैयारी की गई है। रैली की तैयारी में जुटे एक सदस्य ने बताया कि बीजेपी युवा वेबसाइट पर ऑन लाइन प्रसारण भी होगा। इसके साथ ही करोल बाग, कनॉट प्लेस, सदर बाजार, साउथ एक्स समेत अन्य जगहों पर एलसीडी स्क्रीन लगाई जाएगी।
इस रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भी बैठक कर रहे है। यह बैठक 14 से 17 सितंबर के बीच सभी लोकसभा में बूथ स्तर पर होगी। ताकि पांच लाख की भीड़ जुटाई जा सके। प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने बताया कि आरडब्ल्यूए, ट्रेडर्स एसोसिएशन, एनजीओ और सभी दूसरे संगठनों को को पत्र लिखा गया है। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर बैठकें की जा रही है।
