
करसोग (मंडी)। करसोग क्षेत्र के सेरी बंगलो में आयोजित तीन दिवसीय खंड स्तरीय सेरी भंजू मेला वीरवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में सांसद प्रतिभा सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्थानीय लोगों ने प्रतिभा सिंह का जोरदार स्वागत किया। सांसद ने कहा कि मेले में देवताओं के आगमन से जहां देव आस्था का माहौल रहता है, वहीं लोग आपस में मिलकर सुख-दुख को बांटते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से इस परंपरा को कायम रखने का आह्वान किया। करसोग क्षेत्र में विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। लोगों की हर जरूरत को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। प्रदेश में जब-जब भी कांग्रेस की सरकार आई है, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में विकास की बहार बही है। जिन कार्यों की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार की जरूरत पड़ेगी, उसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने एक करोड़ दो लाख की लागत से बनने वाले रावमा पाठशाला सेरी बंगलो के साइंस ब्लाक भवन निर्माण की आधारशिला रखी। करसोग में कांग्रेस के आठ माह के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही सेरी स्यांज सड़क को 9 किलोमीटर तक पक्का करने के लिए 2 करोड़ 1 लाख स्वीकृत किए गए हैं। कोटलून नांज सड़क को पक्का करने लिए एक करोड़ 36 लाख तथा नांज पुल के लिए 1 करोड़ 70 लाख स्वीकृत कर पुल का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इस मौके पर विधायक मनसा राम ने भी अपने विचार रखे।
