
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा के बगली गांव में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक-युवती की पहचान नहीं हो पाई है। दोनों के शव सिविल अस्पताल देहरा के शव गृह में रखे गए हैं। बताया जा रहा है कि यदि शुक्रवार तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई तो दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
देहरा पुलिस ने दोनों की पहचान के लिए पंजाब के अधिकतर थानों को सूचित कर दिया है, जिससे दोनों की पहचान हो सके। इसके अलावा घटनास्थल से मिली दो टूटी हुई सिमों के जरिए भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल कंपनी को शीघ्र जानकारी देने के लिए लिखा है। बुधवार सुबह गांव बगली में पशु चराने जंगल की ओर जा रही एक महिला को मुख्य सड़क से करीब 50 मीटर दूर जामुन के पेड़ से एक युवती और युवक पेड़ से लटके देखे थे।। महिला के शोर मचाने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना प्रधान मंजीत सिंह और पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके से एक बैग, दो टूटी हुई वोडाफोन कंपनी की सिम तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया था। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस दोनों मृतकों की पहचान करने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
