
मंडी। राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित राजकीय उच्च पाठशाला तल्याहड़ के मुख्य अध्यापक सुरेश गौतम ने पुरस्कार की राशि स्कूली बच्चों पर खर्च करने की बात कही है। मंडी जिले के तलेली निवासी सुरेश गौतम को शिक्षा के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार 2013 से राज्यपाल की ओर से सम्मानित किया गया। सुरेश गौतम को 40 हजार रुपये नकद, पदक, हिमाचली टोपी, शॉल, पुस्तकें, प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सुरेश गौतम ने 40,000 की राशि में 11000 और डाल कर 51,000 रुपये स्कूल के गरीब बच्चों की मासिक फीस, बोर्ड का दाखिला, बीमार बच्चों की दवा, स्वेटर, जूते और लेखन सामग्री आदि पर खर्च करने की बात कही। स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान दुर्गा सेन, पंचायत प्रधान अमित सेन, समाज सेविका सुमित्रा सेन आदि ने भी मुख्य अध्यापक सुरेश गौतम के फैसले की सराहना की है। वहीं, उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित होने के लिए बधाई दी है। स्कूल प्रबंधन समिति की आम सभा में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि आरटीई के तहत सुरेश गौतम का इस सत्र एवं उनका टेन्योर पूरा होने तक कहीं भी स्थानांतरण न किया जाए।
