सड़क हादसे में एक की मौत; चार घायल

ठियोग (शिमला)। जुब्बल से सोलन सेब लेकर जा रही एक पिकअप ठियोग में हुल्ली के पास गहरी खाई में जा लुढ़की। इस सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए जबकि एक 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को ठियोग अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक पिकअप संख्या एचपी 63-3017 जुब्बल से सोलन के लिए सेब लेकर जा रही थी। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे ठियोग में हुल्ली के पास गाड़ी से चालक का नियंत्रण खो गया और गाड़ी करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार पांच लोगों में से एक 14 वर्षीय बालक अखिल निवासी जुब्बल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक विजय निवासी नेपाल, सदानंद, लोकेंद्र और सुरेश निवासी जुब्बल गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए ठियोग में भर्ती किया गया, जहां से घायलों को शिमला रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके पहुंचा और घायलों को 108 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ठियोग सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि, हादसे में घायल लोगों को शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related posts