बैठक में वीडीओ से मारपीट, जूता मारा

चंबा (टिहरी)। ग्राम पंचायत डांग तल्ला में खाद्य सुरक्षा की बैठक में एक ग्रामीण ने ग्राम विकास अधिकारी के साथ मारपीट करने के बाद जूता फेंक दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना दिया।
विकासखंड थौलधार के डांग तल्ला गांव में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा की बैठक बेसिक स्कूल खर्क भेंडी में चल रही थी। इसी दौरान एक ग्रामीण मंच पर आकर पहले ग्राम विकास अधिकारी डीपी चमोली के साथ अभद्रता कर मारपीट करने लगा। इससे सभी लोग हक्के-बक्के रह गए। किसी तरह आरोपी को पकड़कर बैठक से बाहर ले जाया गया। इस पर भी वह शांत नहीं हुआ ग्रामीण ने अपना जूता निकाला और मंच पर बैठे ग्राम विकास अधिकारी पर फेंक दिया। अपने आपको ग्रामीणों से छुड़ाकर वह वहां से रफूचक्कर हो गया।
इससे गुस्साए ग्रामीण बैठक रोककर हंगामा करने लगे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना के काफी देर बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की बात कहकर लोगों को शांत कराया। जिस पर दोबारा बैठक शुरू हो पाई। ग्राम प्रधान शूरवीर सिंह ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्राम विकास अधिकारी ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।

Related posts