सावधान! बैंक का खाता नंबर किसी को नहीं बताएं

चौखुटिया। कोई अनजान आदमी मोबाइल से फोन करके आपका खाता और एटीएम नंबर आदि जानकारी मांगे तो कदापि नहीं बताएं। इन दिनों खातों से धनराशि निकालने वाले ठगों का गिरोह सक्रिय है। एक ठग ने इसी तरह खाता नंबर आदि जानकारी लेकर एक व्यक्ति के खाते से 19500 रुपये की रकम ट्रांसफर कर ली।
शिक्षक बीसी खुल्बे ने बताया कि सोमवार की शाम सवा छह बजे 8877134824 नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने उनसे कहा कि वह एसबीआई से बोल रहा है। इसके बाद उसने खाता तथा एटीएम आदि की डिटेल पूछी। कुछ देर बाद श्री खुल्बे के खाते से पांच हजार रुपये की रकम निकल गई। जबकि मंगलवार तक उनके खाते से चार बार में कुल 19500 रुपये निकल गए। बाद में उन्होंने एसबीआई में जाकर घटना की जानकारी दी। मामले की प्राथमिकी पुलिस चौकी में दर्ज कर दी गई है।
इधर शाखा प्रबंधक सुदर्शन कटारिया ने बताया कि शिक्षक बीसी खुल्बे ने संबंधित व्यक्ति को खाता नंबर के साथ अन्य जानकारी भी दे दी जिससे उस व्यक्ति ने ऑन लाइन पैसा ट्रांसफर कर लिया। उन्होंने बताया कि यह धनराशि कौन से खाते में ट्रांसफर की गई है इसका पता लगाया जा रहा है और पैसा वापस मंगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts