
नई दिल्ली । प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर एक युवती पांच मंजिला इमारत पर चढ़ गई और वहां से छलांग लगाने की धमकी देने लगी। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को मनाने में जुट गई। करीब आधा घंटा तक यह ड्रामा चलता रहा। अंत में पुलिस ने युवती का ध्यान भंग कर उसे पकड़ लिया और नीचे उतारा। जानकारी के मुताबिक ,21 वर्षीय युवती परिजनों के साथ सागरपुर में रहती है। उसका इसी इलाके में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहती थी। लेकिन युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। इससे परेशान युवती मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक निर्माणाधीन मकान की पांचवीं मंजिल पर चढ़ गई। युवती की हरकत का पता चलते ही उसके परिवार वाले भी वहां पहुंच गए और युवती को नीचे उतरने का आग्रह करने लगे। लेकिन युवती ने परिजनों की बात मानने से इंकार कर दिया और उपर से छलांग लगाने की धमकी देने लगी।
