21 को होगा रेडक्रॉस मेला

21 को होगा रेडक्रॉस मेला
सोलन। जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला 21 सितंबर को सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष मदन चौहान ने मेले के आयोजन को लेकर बैठक ली। इसमें रेडक्रॉस से जुड़े गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने बताया कि सभी के सहयोग से मेले को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न विभागों तथा स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा करीब 30 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल तथा विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रेडक्रॉस के टिकट खरीदने का भी आह्वान किया, इसमें अनेकों आकर्षक ईनाम रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि रैफरल ड्रा 28 सितंबर को निकाला जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि रेडक्रॉस में अधिक से अधिक योगदान दें जिससे इसका लाभ गरीब और बेसहारा लोगों को मिल सके।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इस मौके पर स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। मेले के दौरान अक्षम व्यक्तियों को कृत्रिम अंग भी दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस में खुलकर योगदान करने की अपील की है। बैठक में नगर परिषद के अध्यक्ष कुल राकेश पंत, पूर्व विधायक मेजर कृष्णा मोहिनी, सहायक आयुक्त एवं सचिव रेडक्रॉस सुभाष सकलानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. शशिपाल, महाप्रबंधक उद्योग यशपाल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्म चंद, एसडीएम टशी संडूप, प्रदेश पर्यटन विकास निगम के निदेशक मंडल के निदेशक सुरेंद्र सेठी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य अरविंद गुप्ता, प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव रेणु सेठी तथा रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।

Related posts