
विकासनगर। सहसपुर पुलिस ने पांवटा (हिमाचल) से ऋषिकेश ले जाई जा रही हिमाचल ब्रांड की 200 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। शराब तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये देने की घोषण की है।
पुलिस को लंबे समय से शराब तस्करी की सूचना मिली रही थी। जिसे देखते हुए पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया हुआ था। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि पांवटा से शराब की बड़ी खेप को ऋषिकेश ले जाई जा रही है। थानाध्यक्ष सूर्य भूषण नेगी ने टीम गठित कर पांवटा से आने वाले सभी रास्तों पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
सुबह पौने 12 बजे सहसपुर और ढाकी के बीच पुलिस को हरबर्टपुर की ओर से ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक रोक कर उसकी तलाशी ली। ट्रक में तिरपाल और पत्तों के नीचे शराब की पेटियों को छिपाकर रखा था। पकड़ी गई शराब में 31 पेटी रॉयल स्टैग, 40 मैकडावल, 30 इंपीरियल ब्लू, 25 ऑफिसर च्वाइस, 23 बैक पाइपर, 35 आरिजनल च्वाइस और 16 पेटी हाई स्पीड की शामिल हैं। ट्रक को पुलिस ने सीज कर दिया है। जबकि शराब तस्कर जगतार सिंह निवासी पांवटा साहिब और रियासत निवासी ग्राम कुंजा को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम में एसआई दिलबर सिंह, प्रमोद शाह, हरिराज सिंह चौहान, सिपाही रविंद्र कुमार, विमल आदि शामिल रहे।
