
सुंदरनगर (मंडी)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि प्रदेश में पहले सीएसडी कैंटीन की वस्तुओं पर कोई भी टैक्स प्रदेश में चार्ज नहीं किया जाता था। जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, पूर्व सैनिकों पर टैक्स का बोझ डाल दिया है। पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को कैंटीन का सामान पठानकोट, अंबाला और जालंधर से सप्लाई किया जाता था। उक्त जगहों से प्रदेश को सप्लाई किए जाने वाले सीएसडी सामान पर किसी भी तरह से टैक्स चार्ज नहीं किया जाता था। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में पूर्व सैनिकों को ऊना में कैंटीनों को सामान सप्लाई करने के लिए बड़ा डिपो स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित की थी। अगस्त 2013 तक कोई भी टैक्स नहीं लगता था। एक सितंबर 2013 से पूर्व सैनिकों को कैंटीन में मिलने वाले सामान पर कांग्रेस सरकार द्वारा जारी की गई नई अधिसूचना के तहत टैक्स लगा दिया गया। उन्होंने सरकार से जानना चाहा है कि सीएसडी कैंटीन के सामान पर टैक्स चार्ज करने की आखिरकार प्रदेश सरकार को क्या आवश्यकता आन पड़ी है। जिसके चलते यह निर्णय लेना पड़ा है।
योगेश सैनी व्हीकल पर्चेज कमेटी के सदस्य
सुंदरनगर (मंडी)। एचआरटीसी के निदेशक योगेश सैनी को सरकार ने व्हीकल पर्चेज कमेटी का सदस्य नियुक्त किया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली की अध्यक्षता में गठित दस सदस्यीय कमेटी में आठ सरकारी तथा दो गैर सरकारी सदस्य शामिल किए गए हैं। बल्ह विधानसभा क्षेत्र की गागल पंचायत के सिंहन गांव से ताल्लुक रखने वाले प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव योगेश सैनी को सरकार ने गत दिनों एचआरटीसी का निदेशक मनोनीत किया था। मंगलवार को प्रधान सचिव (परिवहन) अली रजा रिजवी ने व्हीकल पर्चेज कमेटी के गठन और उनके सदस्यों की अधिसूचना जारी की। योगेश सैनी की नियुक्ति से युकां कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
