
चामुंडा (कांगड़ा)। नशे में धुत बेटे ने अपने पिता पर जानलेवा हमलाकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस हमले में मेहर सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तंगरोटी निवासी रविंद्र कुमार ने शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान वह लहूलुहान हो गया। इससे पहले भी रविंद्र नशे में धुत होकर घर में मारपीट करता रहा है। जब यह घटना घटी तो गांव पंचायत तंगरोटी के प्रधान नंद लाल व वार्ड पंच सुमन कुमारी ने मौके पर पहुंच कर जानकारी हासिल की। इसके बाद इन्होंने पुलिस चौकी योल को सूचित किया। पुलिस ने घायल मेहर सिंह को एंबुलेंस में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 324 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उधर, बताया जाता है कि रविंद्र की मारपीट से तंग आकर उसकी पत्नी ने भी घर छोड़ दिया है।
घर में घुसकर की मारपीट
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत गांव भदरोआ में कुछ लोगों द्वारा पैसों के लेनदेन को लेकर जबरन एक घर में घुसकर मकान मालिक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार विकास कुमार पुत्र लखविंद्र सिंह निवासी भदरोआ ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि सोमवार को अश्वनी कुमार व उसके भाई संजय निवासी भदरोआ ने उसके घर में जबरन घुसकर बिना वजह गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उनको रोकने की कोशिश तो उन्होंने मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 451, 323, 506 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बृज मोहन शर्मा ने मामले की पुष्टि की।
