जब पैरों से लिपट गया जहरीला सांप

गगरेट (ऊना)। ‘जाको राखे साईयां मार सके न कोय’ की कहावत सोमवार रात को अंबोटा में चरित्रार्थ हुई, जब एक जहरीले सांप ने युवती के पैरों से लिपटने के बाद भी उसे डसा नहीं। घटना उस समय हुई, जब अंबोटा गांव की निवासी सुदेश कुमारी रात्रि लगभग नौ बजे अपने घर के बाहर बने बाथरूम से आ रही थी। तभी साथ लगते खेतों से उसे सरसराहट सुनाई थी। पलक झपकते ही एक सांप उसकी टांग से आकर लिपट गया। युवती ने एक पल भी न गंवाते हुए अपनी टांग को झाड़ दिया, जिससे सांप छिटक कर दूर जा गिरा और गजब की फूर्ति से सांप खेतों में दोबारा कहीं खो गया। उधर, सुदेश कुमारी एवं उनके पति राजेश ठाकुर के अनुसार भगवान की विशेष कृपा से वह बच गईं। गगरेट एफआरयू के बीएमओ प्रकाश दरोच के अनुसार सर्पदंश होने पर पहले जख्म को साबुन से अच्छे से साफ कर लें। उसके बाद तुरंत नजदीकी चिकित्सक को दिखाएं तथा एंटी स्नेक बैनम का इंजेक्शन लगवाएं। घरेलू नुस्खों से पहले चिकित्सक को अवश्य दिखाएं। सर्पदंश होने से जितना संयम रखेंगे उतना ही मरीज को लाभ होगा।

Related posts