कैशियर से एक लाख रुपये लूटे

हरिद्वार। सिडकुल स्थित विजय इलेक्ट्रिकल्स कंपनी के कैशियर विकास गुप्ता से भेल सेक्टर-पांच के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर एक लाख रुपये लूट लिए। सोमवार दोपहर हुई वारदात के बाद पुलिस ने देर शाम तक नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाशी भी ली, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया। देर शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रानीपुर कोतवाल महेश चंद्र जोशी ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कंपनी का कैशियर विकास गुप्ता (निवासी टिहरी विस्थापित कालोनी), रानीपुर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की भेल सेक्टर-पांच शाखा से नगदी निकाल कर आ रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बाइकसवार बदमाशों ने चौराहे के पास हथियार के बल पर उससे नोटों से भरा बैग लूट लिया। बैग में एक लाख रुपये रखे हुए थे। इससे पहले कि पुलिस हरकत में आती दोनों फरार हो गए। देर शाम तक पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की। लेकिन, कहीं सुराग नहीं लग पाया। देर शाम पुलिस ने विकास गुप्ता की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपी बदमाशों की तलाश में जुट गई है। सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी सुबूत जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts