अवैध खनन-ढुलाई के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान

हल्द्वानी। अब परिवहन विभाग को अवैध खनन और ढुलाई में लगे वाहन ‘दिखाई’ देने लगे हैं। परिवहन मंत्री और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के निर्देश के बाद बड़े स्तर पर नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में विशेष धरपकड़ अभियान शुरू किया गया है। इसमें टीमों ने 40 वाहनों को थाने में बंद करने के साथ 159 वाहन का चालान किया गया है। वाहनों से चार लाख का जुर्माना भी वसूला जाएगा।
परिवहन विभाग ने अभियान चलाता है लेकिन अक्सर खनन में लगे वाहनों पर तुलनात्मक तौर पर कार्रवाई कम हो पाती थी। पिछले दिनों देहरादून में परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश की अध्यक्षता में मीटिंग में परिवहन मंत्री ने कुमाऊं में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध खनन-ढुलाई में लगे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके बाद परिवहन विभाग ने पहाड़ से पिथौरागढ़ और टनकपुर से भी प्रवर्तन दलों को तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया। तीन चेकिंग दलों को ऊधम सिंह नगर में और दो दलों को हल्द्वानी में लगाकर एक साथ चेकिंग अभियान शुरू कराया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि सात सितंबर से नौ सितंबर तक की अवधि में की गई कार्रवाई में दोनों जिलों में 159 वाहनों का चालान और 58 वाहनोें को बंद किया गया है। इसमें अवैध ढुलाई और खनन में ही 47 वाहनों को सीज और 50 वाहनों का चालान किया गया है। इनसे अनुमान के मुताबिक चार लाख का जुर्माना वसूला जाएगा। अभियान में एआरटीओ डा. गुरदेव सिंह, द्वारिका प्रसाद, पीटीओ-1 विपिन कुमार, रश्मि भट्ट, डीसी पांडे के साथ टीम शामिल थीं।

Related posts