महिला के गले से चेन झपटी

महिला के गले से चेन झपटी
सोलन। सोमवार सुबह सरेराह सोलन शहर के पुराने बस अड्डे पर एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया। लोगों की होशियारी ने चेन स्नैचिंग गिरोह की चार महिलाओं को धर दबोचा है। इससे पहले 4 सितंबर को सेरी गांव में दो अज्ञात युवकों ने चेन व कान की बालियां निकालकर महिला को पानी के टैंक में धक्का देकर फरार हो गए थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शहर में लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए गले का फांस बन चुका है। आए दिन शहर में चोरी, लूटपाट और छीना झपटी का सिलसिला जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेणू निवासी सोलन जब सुबह 7 बजे चंडीगढ़ के लिए बस लेने पुराने बस अड्डे पर पहुंची तो चार शातिर महिलाओं की नजर रेणू के गले में डाली सोने की चेन पर पड़ गई। महिला के साथ उसकी 6 साल की छोटी बेटी भी थी। महिला जैसे ही बेटी को बस में चढ़ाने लगी कि तो महिलाओं ने उसका रास्ता रोक दिया और उनकी दो अन्य साथियों ने महिला के गले की चेन काट डाली। महिला की चेन में लगा लोकेट नीचे गिरते ही महिला को पता लग गया तथा उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर शातिर महिलाएं इधर-उधर भागने लगीं। चेन काट कर रुमाल में बांधकर कुछ की दूरी पर फेंक दी और ऑटो रिक्शा में बैठने लगी। जिससे देखकर आस पास के लोगों ने महिला समेत उसकी तीनों साथियों को धर दबोचा। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। जांच अधिकारी जीत राम ने बताया कि चार महिलाओं और एक व्यक्ति को चेन झपटने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गहनता से छानबीन कर रही है।
बाक्स:
चेन स्नैचिंग के प्रत्यक्षदर्शियों में भाजपा सोलन मंडल के महामंत्री शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि जब सैर करने जा रहे थे तो पुराने बस अड्डे पर उनके सामने यह वारदात हुई। इस दौरान जब पुलिस कर्मचारियों को बुलाया गया तो पुलिस के ही कुछ कर्मचारियों ने पकड़ी गई महिलाओं पर कुछ माह पहले आसाराम बापू के समागम के दौरान चेन स्नैचिंग मामले में पकड़े जाने की बात कही। रविवार रात को भी नौणी में ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी का समागम था, जिससे पता चलता है कि महिलाएं सिलसिलेवार चोरियों और स्नैचिंग को अंजाम देती हैं।

Related posts